नवरात्रि और त्योहारों को लेकर पीलीभीत पुलिस अलर्ट, एसपी ने मंदिरों में परखी सुरक्षा व्यवस्था

एसपी सुकीर्ति माधव और एएसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में की पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर निगरानी के निर्देश
टेन न्यूज़ !! ०९ अक्टूबर २०२६ !! जिला ब्यूरो चीफ: रामचंद्र सक्सेना
पीलीभीत। नवरात्रि पर्व और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीलीभीत पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। इसी क्रम में 7 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव और अपर पुलिस अधीक्षक ने नगर क्षेत्र के प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था परखी। इसके बाद पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की गई। इस दौरान त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थानों में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखने तथा मंदिरों, पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि और आगामी त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शांति व्यवस्था बनाए रखना है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल ध्यान देने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।