• Sat. Oct 10th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में 20 वीर नारियों और 65 पूर्व सैनिकों का सम्मान

ByTen News One Desk

Oct 10, 2026
10 Views

कन्नौज में 20 वीर नारियों और 65 पूर्व सैनिकों का सम्मान


लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. मिश्रा बोले—राष्ट्र की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान अतुलनीय


टेन न्यूज़ !! १० अक्टूबर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। वीर सैनिकों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रसेवा को नमन करने के उद्देश्य से कन्नौज में वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान तथा पुनर्मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 20 वीर नारियों और विभिन्न युद्धों में भाग लेने वाले 65 पूर्व सैनिकों को शॉल, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों सहित करीब 200 पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. मिश्रा, अति विशिष्ट सेवा मेडल और सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर अतुल कुमार, सेना मेडल एवं निदेशक, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।

मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. मिश्रा ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। वीर नारियों का त्याग, धैर्य और समर्पण सदैव वंदनीय रहेगा। उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपने बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा उन्हें रोजगार एवं सेवायोजन के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

सेवानिवृत्त कर्नल बी.एस. तोमर ने भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास और विभिन्न सैन्य अभियानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने जम्मू-कश्मीर युद्ध, वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध, वर्ष 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध, ऑपरेशन मेघदूत, कारगिल युद्ध और गलवान संघर्ष सहित विभिन्न अभियानों में सैनिकों के साहस और बलिदान का उल्लेख किया।

सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर अतुल कुमार ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए केंद्र तथा राज्य सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र पूर्व सैनिकों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की और उनकी समस्याओं के प्राथमिकता से निस्तारण के प्रयासों की बात कही।

समारोह में 20 वीर नारियों को सम्मानित किया गया। इनमें श्रीमती हंसमुखी देवी, श्रीमती उमा देवी, श्रीमती शांति देवी, श्रीमती रामवती और श्रीमती कमला देवी सहित अन्य वीर नारियां शामिल रहीं। कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले ऑनरेरी कैप्टन रवीन्द्र कुमार, सेना मेडल, कर्नल ए.एस. चौहान, मेंशन इन डिस्पैच, हवलदार शेर सिंह और विभिन्न युद्धों में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रोहित भटारा ने अतिथियों और पूर्व सैनिकों का स्वागत किया तथा सभी के प्रति आभार जताया। समारोह में भारतीय पूर्व सैनिक संघ के जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह चंदेल सहित अन्य पूर्व सैनिक, दि सिख लाइट रेजिमेंट के छह जवान और एस.बी.एस. इंटर कॉलेज के 16 एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!