कन्नौज में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक, साफ-सफाई, बिजली और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
टेन न्यूज़ !! १० अक्टूबर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। आगामी दुर्गा पूजा, महाष्टमी, महानवमी, विजय दशहरा, धनतेरस, दीपावली और गोवर्धन पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जनसुविधाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कन्नौज आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। सभी त्योहार प्रेम, सद्भाव और पारस्परिक सम्मान के साथ मनाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन निर्धारित परंपराओं और नियमों के अनुरूप ही किए जाएं। किसी भी प्रकार के गैर-परंपरागत आयोजन से बचने तथा सड़क या विवादित स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित न करने के निर्देश दिए गए।
पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी पूजा पंडालों और प्रतिमा स्थापना स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण, पर्याप्त आवागमन मार्ग और भीड़ के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। राम बारात और अन्य जुलूसों के मार्गों का उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा विद्युत विभाग के अधिकारी संयुक्त निरीक्षण करेंगे। मार्गों पर लटकते बिजली के तारों को तत्काल ठीक कराने और विद्युत आपूर्ति में व्यवधान होने पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। प्रमुख मार्गों, पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई, नालियों की नियमित सफाई, आवश्यकतानुसार कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और समय से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं और आकस्मिक चिकित्सा सुविधाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल उपचार मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए। नदियों और घाटों पर अनधिकृत विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को पंडालों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की पहले से जांच कराने और व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए भी कहा गया।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं, आपत्तिजनक टिप्पणियों और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। डीजे पर अश्लील, आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गीत बजाने पर रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग को खोया, पनीर, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान घरेलू गैस सहित आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने आयोजकों से स्वयंसेवकों की सूची उपलब्ध कराने और किसी भी संदिग्ध सूचना या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा, उप जिलाधिकारी तिर्वा वैशाली सहित सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और जिला शांति समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।