बुलंदशहर सदर में नादिर शाह की सक्रियता से सियासी हलचल तेज

टेन न्यूज़ !! ११ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो रिपोर्ट
बुलंदशहर। सदर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष कुंवर नादिर शाह की जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर रहे नादिर शाह को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और संभावित दावेदारों के बीच विधानसभा टिकट को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
कुंवर नादिर शाह पिछले कई दिनों से बुलंदशहर सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान वह समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विचारों को जनता तक पहुंचा रहे हैं। उनकी इस सक्रियता से क्षेत्र की राजनीति में उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है।
पार्टी के कुछ कार्यकर्ता उन्हें सदर विधानसभा सीट से संभावित प्रत्याशी के रूप में देख रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी सक्रियता और संगठनात्मक भूमिका को भी उनके समर्थक प्रमुखता से उठा रहे हैं। वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अन्य संभावित दावेदार भी अपनी राजनीतिक गतिविधियों के जरिए क्षेत्र में संपर्क बढ़ा रहे हैं।
हालांकि, बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक किसी प्रत्याशी की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में टिकट किसे मिलेगा, यह पार्टी नेतृत्व के फैसले पर निर्भर करेगा।
फिलहाल कुंवर नादिर शाह के जनसंपर्क अभियान और संभावित उम्मीदवारी को लेकर बुलंदशहर सदर की सियासत में चर्चाएं जारी हैं। अब सबकी निगाहें समाजवादी पार्टी के आधिकारिक निर्णय पर टिकी हैं।