• Sat. Oct 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में आयरन कारोबारी के गोदाम पर एसआईबी का छापा, ट्रक कब्जे में लिया

ByTen News One Desk

Oct 17, 2026
3 Views

तिलहर में आयरन कारोबारी के गोदाम पर एसआईबी का छापा, ट्रक कब्जे में लिया


टेन न्यूज़ ।। 17 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना संवाददाता

तिलहर, शाहजहांपुर। तिलहर में आयरन कारोबार से जुड़ी एक फर्म के गोदाम पर शुक्रवार को विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। टीम ने गोदाम में आयरन का सामान उतार रहे एक ट्रक को कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही हाईवे स्थित धर्मकांटा और गोदाम सहित बाजार में स्थित संबंधित फर्म के प्रतिष्ठानों पर जांच शुरू की गई। कार्रवाई से नगर के कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला मौजमपुर निवासी वैभव अग्रवाल के हाईवे स्थित अग्रवाल धर्मकांटा पर शुक्रवार सुबह एसआईबी की टीम असिस्टेंट कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ पहुंची। टीम ने पास स्थित गोदाम में आयरन का सामान उतार रहे ट्रक को कब्जे में ले लिया। धर्मकांटे से कुछ दस्तावेज भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई। गोदाम और धर्मकांटे पर निगरानी भी लगाई गई।

इसके बाद टीम नगर पालिका के सामने स्थित मैसर्स रामासरे वैभव अग्रवाल फर्म पर पहुंची, लेकिन प्रतिष्ठान बंद मिला। छापेमारी की जानकारी फैलते ही संबंधित कारोबार से जुड़ी कई दुकानों के शटर बंद हो गए। अन्य व्यापारियों में भी कार्रवाई को लेकर चर्चा और बेचैनी का माहौल बना रहा।

शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे एसआईबी के डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि संबंधित फर्मों के स्वामियों विवेक अग्रवाल और वैभव अग्रवाल को सर्च वारंट भेजे गए हैं, जिन्हें दोनों ने प्राप्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि विवेक अग्रवाल की ओर से पत्नी की बीमारी के कारण दिल्ली में होने की जानकारी दी गई है। संबंधित लोगों को शनिवार सुबह तक उपस्थित होकर दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया है।

डिप्टी कमिश्नर के अनुसार, रात में विभागीय अधिकारियों की अलग-अलग टीमें पुलिस के साथ संबंधित परिसरों पर निगरानी रखेंगी। शनिवार को उपलब्ध दस्तावेजों और जांच की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रथम दृष्टया अवैध कारोबार की आशंका जताई है। हालांकि, मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही सामने आएगा।

छापेमारी करने वाली टीम में एसआईबी असिस्टेंट राहुल कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर मुन्नी देवी, राज्य कर अधिकारी ताराचंद, सचल दल अधिकारी पंकज कुमार एवं हरीश त्रिपाठी तथा शाहजहांपुर के राज्य कर अधिकारी गोकुल चंद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!