• Mon. Oct 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

ट्रक की टक्कर से घायल किशोरी की इलाज के दौरान मौत, किशोर की हालत गंभीर

ByTen News One Desk

Oct 19, 2026
5 Views

ट्रक की टक्कर से घायल किशोरी की इलाज के दौरान मौत, किशोर की हालत गंभीर


टेन न्यूज।। 19 अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। जनपद के फफूंद-औरैया मार्ग पर जल निगम के बोरिंग कार्य में लगे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किशोर और किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल 15 वर्षीय किशोरी की सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर की हालत गंभीर बनी हुई है। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, नगर के एक मोहल्ले का रहने वाला 17 वर्षीय किशोर बाइक से औरैया जा रहा था। मुरादगंज तिराहे पर उसे कस्बे की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी मिली, जो अपनी रिश्तेदारी में जा रही थी। किशोर ने किशोरी को बाइक पर बैठा लिया। दोनों फफूंद-औरैया मार्ग पर देवपुर और शेरपुर सरैया के बीच पहुंचे, तभी पीछे से आए जल निगम के बोरिंग कार्य में लगे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा दोनों घायलों को चिचौली अस्पताल पहुंचाया। किशोरी की हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की मां रेखा देवी की तहरीर पर ट्रक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!