एसपी-डीएम पीलीभीत ने दुर्गा पूजा पंडाल, बीसलपुर रामलीला मैदान और धनाराघाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा के दिए निर्देश![]()
टेन न्यूज ।। 19 अक्टूबर 2026 । । ब्यूरो चीफ रामचंद्र सक्सेना
पीलीभीत। नवरात्रि पर्व और मूर्ति विसर्जन के मद्देनजर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने जिले में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने खकरा स्थित दुर्गा पूजा पंडाल, बीसलपुर के श्रीरामलीला मैदान तथा धनाराघाट का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दुर्गा पूजा पंडाल और श्रीरामलीला परिसर बीसलपुर के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी अधिकारी एवं पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
इसके बाद धनाराघाट पर मूर्ति विसर्जन की तैयारियों का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नदी के जलस्तर, श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए किए गए सीमांकन तथा गोताखोरों और नावों की उपलब्धता की समीक्षा की।![]()
जिलाधिकारी ने जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित उप जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और मेला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।