ई-रिक्शा से माल ढुलाई पर चलेगा विशेष अभियान

बिना फिटनेस स्कूली वाहन नहीं चलेंगे, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
टेन न्यूज़ !! ०६ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , कन्नौज यूपी
कन्नौज। कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले माह की तुलना में इस माह जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है, जो सकारात्मक संकेत है। हालांकि दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या में और कमी लाने की जरूरत है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करें।![]()
उन्होंने निर्देश दिए कि ई-रिक्शा का उपयोग केवल सवारी वाहन के रूप में किया जाए। इनसे माल ढुलाई करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी प्रभावी अभियान चलाया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के किसी भी स्कूली वाहन का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने परिवहन यूनियनों के पदाधिकारियों और वाहन चालकों के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात नियमों का अनुपालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति चालकों को जागरूक करने पर बल दिया। रोडवेज बस चालकों की नियमित काउंसलिंग कराने के निर्देश भी दिए।![]()
बैठक में कन्नौज-तिर्वा मार्ग की खराब स्थिति और जगह-जगह गड्ढे होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए। कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।