कन्नौज में 100 किसानों को बांटे उन्नतशील बीज और पौध

औद्यानिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, सहजन का पौधा रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
टेन न्यूज़ !! ०६ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,कन्नौज यूपी
कन्नौज। डॉ. राम मनोहर लोहिया पर्यावरणीय उद्यान एवं पार्क, मानपुर में शुक्रवार को प्रदेश सरकार की विभिन्न औद्यानिक विकास योजनाओं के तहत लगभग 100 किसानों को उन्नतशील बीज, पौध एवं कृषि उपयोगी सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कृषकों के लिए औद्यानिक विकास योजना तथा मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत किसानों को लहसुन, प्याज, धनिया सहित विभिन्न सब्जियों के बीज और पौध उपलब्ध कराए गए। इनमें टमाटर, शिमला मिर्च, मिर्च, खीरा, लौकी, तरोई, कद्दू, पपीता और करेला शामिल रहे। इसके अलावा किसानों को वर्मी कम्पोस्ट और प्लास्टिक क्रेट्स भी वितरित किए गए, ताकि वे आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकें।![]()
कार्यक्रम में ग्राम फतेहपुर जसौदा के चन्द्रशेखर, मदनपुर के कैलाश, कमलेपुरवा के अनंतराम, सलेमपुर तारा बांगर के छोटे लाल, कंसुआ की सुखरानी, सुल्तानपुर के अशोक कुमार और बैसावारी के सुजीत सहित अन्य किसानों को योजना का लाभ दिया गया।
राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें पारंपरिक खेती के साथ औद्यानिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रही है। बागवानी फसलों के माध्यम से किसान कम भूमि में बेहतर उत्पादन और आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक और जरूरी कृषि सामग्री उपलब्ध कराकर किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री असीम अरुण, जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने सहजन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही लोहिया पार्क में नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट का शुभारम्भ किया गया। इससे क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय नागरिकों को खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार, उदय नारायण त्रिपाठी, गोविन्द कटियार, अभिमन्यु सिंह और राज नारायण कटियार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे