• Fri. Nov 6th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

पीएनजी ड्राइव 3.0 को गति देने के लिए डीएम ने की समीक्षा बैठक

ByTen News One Desk

Nov 6, 2026
8 Views

पीएनजी ड्राइव 3.0 को गति देने के लिए डीएम ने की समीक्षा बैठक


20 हजार पंजीकरण और 7,500 डीपीएनजी कनेक्शन का लक्ष्य, समयबद्ध पूर्ति के दिए निर्देश


टेन न्यूज़ !! ०६ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , कन्नौज यूपी

कन्नौज, उत्तर प्रदेश। जनपद में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के विस्तार और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को नए गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में पीएनजी ड्राइव 3.0 अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा मैनपुरी-कन्नौज भौगोलिक क्षेत्र में अभियान के तहत 20 हजार पंजीकरण, 7,500 डीपीएनजी कनेक्शन और 10 हजार बिलयुक्त कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पांच नवंबर 2026 तक जनपद में 4,329 पंजीकरण, 3,301 डीपीएनजी कनेक्शन और 1,250 बिलयुक्त कनेक्शन की प्रगति दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि पीएनजी ड्राइव 3.0 के अंतर्गत कन्नौज में 4,900, गुरसहायगंज में 2,900 और छिबरामऊ में 5,200 पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा एलएमसी कनेक्शन के लिए 5,500 और एनजीसी कनेक्शन के लिए 3,500 का लक्ष्य प्रस्तावित है।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत कन्नौज, गुरसहायगंज और छिबरामऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इसमें कन्नौज के पुराने मोहल्लों के साथ गुरसहायगंज के राजेंद्र नगर, कबीर नगर, हर्ष नगर, नेहरू नगर, भगत सिंह नगर एवं रामगंज गोपाल नगर तथा छिबरामऊ की आवास विकास कॉलोनी और नई बस्ती को प्रमुखता से शामिल किया गया है।

उन्होंने संबंधित विभागों और गैस कंपनी के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना के अनुसार तेजी से काम करने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शेष है, वहां आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर विस्तार कार्य शीघ्र कराया जाए। साथ ही नागरिकों को पीएनजी कनेक्शन के लाभ, प्रक्रिया और सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाए। पंजीकरण से लेकर कनेक्शन स्थापना और बिलिंग तक किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

बैठक में एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक होने से संबंधित आंकड़ों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में विभिन्न तेल कंपनियों के कुल 228 एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक हैं। इनमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 4, भारत पेट्रोलियम के 24 और इंडियन ऑयल के 200 कनेक्शन शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा अभियान की नियमित समीक्षा कर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएनजी विस्तार अभियान को प्रभावी बनाकर अधिक से अधिक परिवारों तक स्वच्छ और सुविधाजनक प्राकृतिक गैस की सुविधा पहुंचाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!