औरैया में अनियंत्रित लोडर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर घायल

दीपावली पर हादसे से दो परिवारों में मचा कोहराम, चालक लोडर छोड़कर फरार
टेन न्यूज़ !! ११ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो
बिधूना (औरैया)। बिधूना थाना क्षेत्र के बिधूना-दिबियापुर मार्ग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित लोडर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मिनी पीजीआई सैफई रेफर किया गया है। घटना के बाद लोडर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दीपावली के त्योहार पर हुए इस हादसे से मृतकों और घायल के परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रूपपुर कटरा निवासी वीनस (32) पुत्र सुनील कुमार, छोटे (28) पुत्र रामप्रकाश और जितेंद्र (27) पुत्र संतोष एक ही बाइक से रामगढ़ की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बिकूपुर बंबा के पास बिधूना की तरफ से रामगढ़ जा रहे तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक लोडर के साथ काफी दूर तक घिसटता चला गया।
हादसे में वीनस और छोटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद लोडर चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकला।
सूचना मिलते ही कोतवाल विनेश कुमार सिंह जादौन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल जितेंद्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने वीनस और छोटे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाल विनेश कुमार सिंह जादौन ने बताया कि दुर्घटना में शामिल लोडर को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है।