• Wed. Nov 11th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अल्लामा इकबाल अवार्ड से सम्मानित हुए डॉ. बृजभूषण बरेलवी, मदरसा नूरुल हुदा में सजी साहित्य और शायरी की महफिल

ByTen News One Desk

Nov 11, 2026
4 Views

अल्लामा इकबाल अवार्ड से सम्मानित हुए डॉ. बृजभूषण बरेलवी, मदरसा नूरुल हुदा में सजी साहित्य और शायरी की महफिल


टेन न्यूज़ !! ११ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर

शाहजहांपुर। महान शायर एवं ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा’ के रचयिता डॉ. अल्लामा इकबाल की यौमे पैदाइश उर्दू दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर बिजलीपुरा स्थित मदरसा नूरुल हुदा में मुशायरे का आयोजन किया गया। इसमें देशभर से आए कवियों और शायरों ने अपनी गजलों, नज्मों और देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं से श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में बरेली के प्रसिद्ध कवि-शायर डॉ. बृजभूषण बरेलवी को अल्लामा इकबाल अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां की सरपरस्ती में हुआ। अध्यक्षता वरिष्ठ शायर असगर यासिर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. आदर्श पांडे मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत तिलावते कलाम पाक से हुई। इसके बाद वक्ताओं ने अल्लामा इकबाल के जीवन, साहित्यिक योगदान और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी शायरी ने समाज में आत्मसम्मान, शिक्षा, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत किया है।

मुशायरे में वरिष्ठ शायर असगर यासिर ने अल्लामा इकबाल के व्यक्तित्व और दर्शन को अपनी पंक्तियों में प्रस्तुत किया। युवा शायर वाजिद हुसैन वाजिद ने हिंदी और उर्दू को देश की दो बेटियां बताते हुए भाषाई एकता का संदेश दिया।

इब्ने हसन हसन तिलहरी ने अपनी रचना के माध्यम से मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम दिया। डॉ. बृजभूषण बरेलवी ने शायरी की संवेदनाओं को अपनी पंक्तियों में बयां किया। अजय अवस्थी अनुरागी, युवा शायर फरमान चिश्ती, वरिष्ठ कवि ज्ञानेंद्र मोहन ज्ञान और अकरम तिलहरी ने भी अपनी रचनाओं से खूब तालियां बटोरीं।

मुख्य अतिथि डॉ. आदर्श पांडे ने भी अपनी काव्य प्रस्तुति से श्रोताओं को प्रभावित किया। इस दौरान डॉ. बृजभूषण बरेलवी को अल्लामा इकबाल अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं डॉ. आदर्श पांडे और बरेली के मनोज मुसाफिर को शॉल ओढ़ाकर एवं पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जुबेर आलम, सुधाकर तिवारी एडवोकेट, इजहार, शारिक, कामरान सहित अनेक साहित्य प्रेमी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन ने हिंदी-उर्दू साहित्यिक एकता और आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!