• Wed. Nov 11th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

वृद्ध का शव मिलने के तीन दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

ByTen News One Desk

Nov 11, 2026
3 Views

वृद्ध का शव मिलने के तीन दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल


टेन न्यूज़ !! ११ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो

अजीतमल (औरैया)। कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के इस्लाम नगर, बाबरपुर निवासी सुरेंद्र दोहरे का शव खेतों में मिलने के मामले में तीन दिन बीत जाने के बाद भी नामजद तहरीर पर मुकदमा दर्ज न होने का आरोप सामने आया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताई है।

जानकारी के अनुसार, बीते 7 नवंबर को सुरेंद्र दोहरे का शव खेतों में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसके बाद मृतक के पुत्र योगेंद्र दोहरे ने कोतवाली अजीतमल में लिखित तहरीर देकर कल्लू सिंह और पुत्तन सिंह पुत्रगण देवेंद्र सिंह निवासी शिवाजी नगर, अजीतमल के खिलाफ आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

तहरीर के अनुसार, सुरेंद्र दोहरे कई वर्षों से कल्लू सिंह के यहां मजदूरी करते थे। कुछ दिन पहले दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि बाद में कल्लू सिंह ने उनसे माफी मांगकर दोबारा काम पर आने की बात कही थी। मृतक के पुत्र का कहना है कि कल्लू सिंह सुरेंद्र दोहरे को अपने खेतों में पानी लगाने के लिए लेकर गए थे, लेकिन अगली सुबह उनका शव खेत में मिला।

परिजनों ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद पुलिस अब तक मुकदमा दर्ज करने में टालमटोल कर रही है। क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि आरोपियों को बचाने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि गंभीर आरोपों वाली तहरीर मिलने के बाद भी अब तक मुकदमा दर्ज करने और जांच की स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की गई? मृतक के परिजन न्याय की उम्मीद में पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!