गाली-गलौज का विरोध करने पर ग्रामीण को लाठी-डंडों से पीटा
बिलपुर गांव में मारपीट का मामला, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ,
फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। बिलपुर गांव में घर के दरवाजे के सामने गाली-गलौज करने का विरोध करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर गांव के ही एक युवक ने लाठी-डंडों से हमला कर उसे पीट दिया। मारपीट में ग्रामीण को कई जगह चोटें आईं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिलपुर निवासी पूरनलाल पुत्र श्यामलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे गांव का आकाश पुत्र लीलाराम उसके घर के दरवाजे के सामने खड़े होकर गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी लाठी-डंडे लेकर आया और उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार, शोर सुनकर परिजन और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। पीड़ित ने आरोपी से खुद को खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने 15 नवंबर को आरोपी आकाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण सिंह को सौंपी गई है।