दुकान से सामान लेने गए युवक के साथ मारपीट, दो लोगों पर एफआईआर
गाली-गलौज कर लात-घूंसों से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ,
फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। दुकान से सामान लेने गए एक युवक के साथ दो लोगों ने कथित तौर पर मारपीट कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला शिवनगर निवासी कृष्णपाल पुत्र झब्बूलाल ने तहरीर देकर बताया कि 14 नवंबर की शाम करीब छह बजे वह दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान सेवकराम पुत्र झब्बूलाल और उसके एक अन्य साथी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में उसके शरीर पर अंदरूनी और गुम चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने 15 नवंबर को मिली तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक हरेंद्र प्रताप सिंह को सौंपी गई है।