गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती भाजपा वर्षभर मनाएगी

29 जुलाई को काशी से हुआ शुभारंभ, अब 18 नवंबर से जालंधर में निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
नई दिल्ली। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर वर्षभर मना रही है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में इस आयोजन की शुरुआत 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर काशी से की गई थी।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 78 वर्षों में संत रविदास जी की 600वीं और 625वीं जयंती भी आईं, लेकिन उस स्तर पर उनका स्मरण नहीं किया गया। भाजपा इस बार उनकी 650वीं जयंती को व्यापक स्तर पर मनाते हुए उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
लाल सिंह आर्य के अनुसार, काशी से पांच चरणों में शुरू किए गए कार्यक्रम के पहले तीन चरण गुरु पूर्णिमा के दिन प्रारंभ हुए। इनमें कलश वंदन यात्रा, समरस दीप महोत्सव और संत संपर्क अभियान शामिल हैं। अब तक लगभग 29 हजार स्थानों पर कलश यात्राएं निकाली जा चुकी हैं, 30 हजार संतों से संपर्क किया गया है तथा 51 हजार स्थानों पर समरस दीप महोत्सव आयोजित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान का चौथा चरण 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान पंजाब के जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा की शुरुआत होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वहां से रथों और वाहनों को रवाना करेंगे।
इस यात्रा का उद्देश्य संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के विचारों, सामाजिक समरसता और सद्भावना के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाएगी।
— लाल सिंह आर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा