• Mon. Nov 16th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

परिवार परामर्श केंद्र में चार दंपतियों के बीच सुलह, साथ रहने को हुए राजी

ByTen News One Desk

Nov 16, 2026
4 Views

परिवार परामर्श केंद्र में चार दंपतियों के बीच सुलह, साथ रहने को हुए राजी


25 मामलों की हुई सुनवाई, पुलिस लाइन में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर कराया गया समझौता


टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिनमें चार दंपतियों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। समझौते के बाद चारों दंपतियों को सकुशल विदा किया गया।

परामर्श केंद्र में थाना कांट क्षेत्र के एक दंपति के बीच करीब डेढ़ वर्ष पूर्व शादी हुई थी। पत्नी पिछले दो महीने से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पति का व्यवहार ठीक रहता है तो वह उसके साथ रहने को तैयार है। पति ने भी साथ रहने की इच्छा जताते हुए भविष्य में मारपीट न करने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों को समझाने के बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया।

दूसरा मामला कोतवाली क्षेत्र का था। इस दंपति की शादी आठ वर्ष पूर्व हुई थी और पत्नी पिछले दस दिनों से मायके में रह रही थी। पति नोएडा में नौकरी करता है। पति ने पत्नी पर छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने और आत्महत्या की धमकी देने का आरोप लगाया। वहीं पत्नी ने पति पर नियमित रूप से घर न आने, नशा करने और मारपीट करने की बात कही। पत्नी ने नशा छोड़ने, मारपीट न करने और हर महीने घर आने की शर्त रखी। दोनों पक्षों की बातचीत के बाद आपसी सहमति से समझौता करा दिया गया।

तीसरा मामला थाना निगोही क्षेत्र का था। दंपति की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और पत्नी करीब एक साल से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और घर खर्च के लिए पैसे न देने का आरोप लगाया। पति ने शराब न पीने और मारपीट न करने का आश्वासन देते हुए पत्नी को साथ रखने की सहमति जताई। इसके बाद दोनों के बीच समझौता हो गया।

चौथा मामला थाना सिंधौली क्षेत्र का था। इस दंपति की शादी भी चार वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी पिछले नौ महीने से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर छोटी-छोटी बातों को लेकर मारपीट करने और खर्च के लिए पैसे न देने का आरोप लगाया। वहीं पति ने पत्नी के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताई और मारपीट न करने का भरोसा दिया। पत्नी ने शराब न पीने और खर्च देने की बात रखी। परामर्श के बाद दोनों पक्ष साथ रहने के लिए राजी हो गए।

परिवार परामर्श केंद्र में महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता, महिला आरक्षी पिंकी, नेहा चौहान, मोनिका, रश्मि, निशा और आरक्षी विनीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!