• Tue. Nov 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराएं: डीएम

ByTen News One Desk

Nov 17, 2026
7 Views

पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराएं: डीएम


महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर, बीएलओ को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश


टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,

छिबरामऊ (कन्नौज)। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (एसएसआर-2027) के तहत पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील छिबरामऊ के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के अब तक के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने और पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। जिनका नाम किसी कारणवश अभी तक दर्ज नहीं हो सका है, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने फॉर्म-6 भरने में सावधानी बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि आवेदन में मतदाता का नाम, पता, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर सही दर्ज किया जाए। यदि किसी आवेदक के पास फोटो उपलब्ध नहीं है तो बीएलओ अपने मोबाइल से फोटो लेकर आवेदन में अपलोड कर सकते हैं। सामान्य निवास और पहचान के सत्यापन के लिए एक ही दस्तावेज पर्याप्त है। प्रत्येक आवेदन पर आवेदक के हस्ताक्षर अथवा अंगूठे का निशान लेना भी अनिवार्य है।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि मतदाता पंजीकरण का कार्य केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी समझकर किया जाए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पात्र महिलाओं के फॉर्म-6 भरवाने और मतदाता सूची में महिला-पुरुष अनुपात में सुधार लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आगामी एक-दो माह पुनरीक्षण अभियान के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। सभी बीएलओ पूरी सक्रियता और जवाबदेही के साथ क्षेत्र में घर-घर संपर्क करें तथा पात्र नागरिकों को पंजीकरण के प्रति जागरूक करें। कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या खानापूर्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान किसी बीएलओ को तकनीकी अथवा अन्य समस्या आती है तो वह अपने सुपरवाइजर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) या मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकता है। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी ईआरओ को प्रतिदिन कम से कम 10-10 बीएलओ के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने को कहा। साथ ही पंजीकरण की स्थिति, प्राप्त फॉर्म-6 और लंबित प्रकरणों की नियमित निगरानी करते हुए आगामी तीन दिनों में विस्तृत प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिलाधिकारी छिबरामऊ सहित संबंधित ईआरओ, सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!