परिवार परामर्श केंद्र में समझौते के बाद घर लौटा दंपति

25 मामलों की हुई सुनवाई, छह माह से मायके में रह रही महिला पति के साथ जाने को हुई राजी
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में मंगलवार को आयोजित सुनवाई के दौरान 25 पारिवारिक विवादों से जुड़ी पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। इस दौरान आपसी बातचीत और समझाइश के बाद कटरा थाना क्षेत्र के एक दंपति के बीच समझौता हो गया। इसके बाद दंपति को सकुशल घर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दंपति का विवाह छह वर्ष पहले हुआ था। पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी पिछले छह माह से मायके में रह रही थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक माह के जुड़वा बच्चे भी शामिल हैं। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई गई।
सुनवाई के दौरान महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति कभी-कभी मारपीट करता है और खर्च के लिए पैसे नहीं देता। गर्भावस्था के दौरान काम करने में असमर्थ होने के कारण वह मायके चली गई थी। महिला ने कहा कि यदि पति उसके और बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उठाने को तैयार है तो वह उसके साथ रहने को राजी है।
वहीं, पति ने पत्नी को साथ रखने की इच्छा जताते हुए मारपीट के आरोपों से इनकार किया और भविष्य में पत्नी व बच्चों के खर्च की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया। परामर्श केंद्र के सदस्यों ने दोनों पक्षों को समझाया, जिसके बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया।
इस दौरान परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी पिंकी, नेहा चौहान, शीतल चौहान, मोनिका कुमारी, रश्मि चौधरी, निशा मिश्रा और आरक्षी विनीत कुमार मौजूद रहे।