• Tue. Nov 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

खड़ी बस में टैंकर ने मारी टक्कर, सड़क पर पलटकर स्कूटी पर गिरा

ByTen News One Desk

Nov 17, 2026
11 Views

खड़ी बस में टैंकर ने मारी टक्कर, सड़क पर पलटकर स्कूटी पर गिरा


पाम ऑयल फैलने से हाईवे पर मची अफरातफरी, दो यात्री गंभीर घायल, आधे घंटे बाधित रहा यातायात


टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में इटावा-कानपुर हाईवे पर बाबरपुर कस्बे के पास मंगलवार को तेज रफ्तार पाम ऑयल से भरे टैंकर ने सड़क किनारे खड़ी ट्रैवल्स बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दौरान बस से उतारी जा रही स्कूटी टैंकर के नीचे दब गई। हादसे में बस सवार दो यात्री घायल हो गए, जबकि बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस बाबरपुर के भट्टा रोड के सामने सड़क किनारे खड़ी थी। बस में रखी स्कूटी उतारी जा रही थी, तभी पीछे से आए टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टैंकर पलटने से उसमें भरा पाम ऑयल सड़क पर फैल गया और स्कूटी उसके नीचे दब गई।

सूचना पर सीओ शैलेंद्र सिंह परिहार और कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया। घायलों की पहचान कानपुर देहात के मूसानगर निवासी प्रियांशु (24) पुत्र जयंत और कौशांबी निवासी रंजीत (24) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई। चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्रियांशु को मेडिकल कॉलेज चिचैली और रंजीत को सैफई रेफर कर दिया।

बस चालक सत्यम निवासी महेवा, इटावा ने बताया कि वह अहमदाबाद से यात्रियों को लेकर कानपुर जा रहा था। बाबरपुर के पास बस में रखी स्कूटी उतारी जा रही थी, तभी पीछे से आए टैंकर ने टक्कर मार दी।

हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। अनंतराम टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग टीम ने जेसीबी और क्रेन की मदद से बस और टैंकर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। बस और टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। टैंकर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जबकि बस चालक से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!