सास-बहू सम्मेलनों से बढ़ेगी महिला सुरक्षा और मतदाता जागरूकता
कन्नौज की तीनों तहसीलों में 18 से 20 नवंबर तक होंगे आयोजन
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। महिला सुरक्षा, अधिकारों के प्रति जागरूकता और मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिले की तीनों तहसीलों में सास-बहू सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने इस संबंध में सभी उपजिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इन सम्मेलनों के माध्यम से सास-बहू के बीच आपसी संवाद और पारिवारिक समन्वय को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। महिला संबंधी अपराधों में कमी लाने के लिए भी जागरूकता पर जोर रहेगा।
सम्मेलनों में महिलाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, मताधिकार के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ मतदान प्रक्रिया से भी जोड़ना है।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सम्मेलन का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। इसके तहत 18 नवंबर 2026 को सदर तहसील परिसर, 19 नवंबर को तिर्वा तहसील परिसर और 20 नवंबर को छिबरामऊ तहसील परिसर में सास-बहू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।