नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार तीन वर्षीय बच्ची की मौत

हादसे में महिला भी घायल, सैफई में उपचार के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बल्लापुर गांव के पास सड़क पर अचानक सामने आई नीलगाय ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद महिला घायल हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार एलची नगर निवासी शिवेंद्र सिंह की तीन वर्षीय पुत्री आर्या, अनुपम के साथ बाइक से दिबियापुर जा रही थी। ग्राम बल्लापुर के समीप अचानक सड़क पर आई नीलगाय ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे आर्या और अनुपम दोनों घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने आर्या की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सैफई पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। हादसे में अनुपम के पैर और सिर में चोटें आई हैं।
तीन वर्षीय आर्या की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में खुशियों की जगह चीख-पुकार और मातम छा गया।