• Thu. Nov 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

खुले नाले में गिरकर हलवाई की मौत, नगर निगम पर लापरवाही का आरोप

ByTen News One Desk

Nov 18, 2026
21 Views

खुले नाले में गिरकर हलवाई की मौत, नगर निगम पर लापरवाही का आरोप


20 से 30 मिनट तक नाले में पड़े रहने का परिजनों ने लगाया आरोप, पत्नी-बेटी ने निकाला बाहर


टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! राजू यादव ब्यूरो ,

कानपुर। चकेरी क्षेत्र के श्यामनगर स्थित सहदुल्लापुर में घर के बाहर बैठे एक हलवाई की नगर निगम के खुले कनेक्टिंग नाले में गिरने से मौत हो गई। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे हरिशंकर बाजपेई (45) अचानक गश खाकर नाले में गिर पड़े। परिजनों का आरोप है कि वह करीब 20 से 30 मिनट तक नाले में पड़े रहे, लेकिन किसी ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश नहीं की। बाद में पत्नी और बेटी ने उन्हें नाले से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हरिशंकर बाजपेई हलवाई का काम करते थे। परिवार में पत्नी नीलम बाजपेई और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी परी है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर हरिशंकर घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह पास के खुले कनेक्टिंग नाले में गिर गए।

कुछ देर बाद घर लौटी पत्नी नीलम और बेटी परी ने उन्हें नाले में औंधे मुंह पड़ा देखा। दोनों ने चीख-पुकार मचाते हुए उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें कांशीराम अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हरिशंकर की मौत से पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते किसी ने उन्हें नाले से बाहर निकालने में मदद की होती तो शायद उनकी जान बच सकती थी। उन्होंने खुले नाले को हादसे की बड़ी वजह बताते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!