• Thu. Nov 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अजामिल और भक्त प्रह्लाद के प्रसंग सुनकर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

ByTen News One Desk

Nov 19, 2026
10 Views

अजामिल और भक्त प्रह्लाद के प्रसंग सुनकर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु


श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन कथावाचक ने सुनाई भक्ति और भगवान के नाम स्मरण की महिमा


टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !!  ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। नगर पंचायत अटसू के लोहिया नगर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के तीसरे दिन कथावाचक ने अजामिल और भक्त प्रह्लाद के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए। इस दौरान भगवान के नाम स्मरण की महिमा और अटूट भक्ति का संदेश दिया गया।

वृंदावन से आए कथावाचक गौरव कृष्णाजी महाराज ने अजामिल प्रसंग सुनाते हुए बताया कि अजामिल प्रारंभ में धर्मपरायण और संस्कारी ब्राह्मण था, लेकिन कुसंगति के कारण वह धर्म के मार्ग से भटक गया। जीवन के अंतिम समय में उसने अपने पुत्र को नारायण नाम से पुकारा। भगवान के नाम का उच्चारण होने से उसे मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग मिला। इस प्रसंग के माध्यम से कथावाचक ने सत्संग, सदाचार और निरंतर प्रभु स्मरण का महत्व बताया।

इसके बाद भक्त प्रह्लाद की कथा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि दैत्यराज हिरण्यकशिपु भगवान विष्णु का विरोधी था, जबकि उसका पुत्र प्रह्लाद बचपन से ही भगवान विष्णु का अनन्य भक्त था। हिरण्यकशिपु ने प्रह्लाद को भक्ति से विमुख करने के लिए अनेक यातनाएं दीं, लेकिन वह हर परिस्थिति में भगवान का स्मरण करता रहा।

कथा के दौरान हिरण्यकशिपु ने प्रह्लाद से पूछा कि उसका भगवान कहां है। प्रह्लाद ने भगवान को सर्वव्यापी बताया। इसके बाद भगवान विष्णु ने नरसिंह रूप में प्रकट होकर हिरण्यकशिपु का वध किया और अपने भक्त की रक्षा की।

कथा के दौरान पंडाल भगवान के जयकारों से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा श्रवण किया। आयोजन अटसू निवासी गंगाराम तिवारी द्वारा अपने निज निवास पर पूर्वजों की स्मृति में कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!