चुनाव से पहले शाहजहांपुर पुलिस की कार्रवाई, 11 लोगों की हिस्ट्रीशीट खोली
अलग-अलग थाना क्षेत्रों के चिह्नित व्यक्तियों पर रहेगी लगातार नजर, पुलिस ने दर्ज मुकदमों के आधार पर की कार्रवाई
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर, । आगामी चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए शाहजहांपुर पुलिस ने अपराधियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 11 व्यक्तियों की नई हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस अब इन सभी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखेगी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में संबंधित व्यक्तियों का आपराधिक इतिहास और गतिविधियां आधार बनाई गई हैं। पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, इन व्यक्तियों के विरुद्ध चोरी, नकबजनी, लूट, डकैती, अवैध शस्त्र, मादक पदार्थ तस्करी और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
इन 11 व्यक्तियों की खोली गई हिस्ट्रीशीट
पुलिस के अनुसार, थाना मदनापुर क्षेत्र के चार व्यक्तियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें ग्राम बरीखास निवासी रितिक पुत्र अजीत सिंह (27 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 186-ए, के विरुद्ध 10 मुकदमे दर्ज हैं। कस्बा मदनापुर निवासी गुड्डू पुत्र हुलासी (46 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 185-ए, के विरुद्ध 13 मुकदमे दर्ज हैं। ग्राम पंखाखेड़ा निवासी अबरम पुत्र मुंशी (35 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 183-ए, के विरुद्ध नौ मुकदमे और ग्राम जिराऊ निवासी गुरुपाल पुत्र सुरेश (29 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 184-ए, के विरुद्ध सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
थाना निगोही क्षेत्र के ग्राम ईशापुर निवासी पांच व्यक्तियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें गंगा सिंह पुत्र फूल सिंह (41 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 190-ए, के विरुद्ध छह मुकदमे, कृष्ण कुमार पुत्र मंगल गिरि (56 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 191-ए, के विरुद्ध 14 मुकदमे, हरद्वारीलाल पुत्र जसवंत (45 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 192-ए, के विरुद्ध सात मुकदमे, पर्वत गोसाई पुत्र अमर पाल (51 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 193-ए, के विरुद्ध छह मुकदमे तथा मंगल पुत्र कृष्ण कुमार (28 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 194-ए, के विरुद्ध नौ मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, थाना परशुरामपुरी क्षेत्र के ग्राम सरायसाधौं निवासी अर्जनु कुमार पुत्र अमर सिंह (40 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 106-ए, के विरुद्ध आठ मुकदमे तथा रामनिवास उर्फ मालू पुत्र अमर सिंह उर्फ लल्लू (40 वर्ष), हिस्ट्रीशीट संख्या 105-ए, के विरुद्ध 13 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
बीट पुलिस करेगी नियमित निगरानी
पुलिस के मुताबिक, हिस्ट्रीशीट खोले गए सभी 11 व्यक्तियों की गतिविधियों पर संबंधित थाना पुलिस लगातार नजर रखेगी। बीट पुलिसकर्मी नियमित रूप से उनके निवास स्थानों पर जाकर वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन, व्यवसाय और कार्यकलापों का सत्यापन करेंगे। उनके आवागमन, संपर्कों और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जाएगी।
आगामी चुनाव के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका अथवा ऐसी गतिविधियों में संलिप्तता मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शाहजहांपुर पुलिस ने कहा है कि आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा उनकी गतिविधियों की निगरानी लगातार जारी रहेगी।