आटा चक्की कारखाने में चोरी, दो गोलकों से ढाई लाख रुपये पार
रात के अंधेरे में चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, कारखाने में सो रहे 76 वर्षीय बुजुर्ग को नहीं लगी भनक
टेन न्यूज़ !! २१ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो ,
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमावता में चोरों ने एक आटा चक्की कारखाने को निशाना बनाकर दो गोलकों में रखी करीब ढाई लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय कारखाने में 76 वर्षीय बुजुर्ग सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अमावता निवासी शिवेंद्र सिंह पुत्र महावीर सिंह का आटा चक्की कारखाना जियो टावर के पास स्थित है। बताया गया कि अज्ञात चोर रात के अंधेरे में कारखाने में घुसे और वहां रखे दो गोलकों को निशाना बनाते हुए उनमें रखी करीब ढाई लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के समय करीब 76 वर्षीय महावीर सिंह कारखाने में ही सो रहे थे।
सुबह चोरी का पता चलने पर पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई करते हुए घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल