कृष्ण जन्मोत्सव की लीला देख भावविभोर हुए श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा कथा पंडाल

अटसू के लोहिया नगर में श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन प्रह्लाद चरित्र और वामन अवतार का भी हुआ संगीतमय वर्णन
टेन न्यूज़ !! २१ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो ,
औरैया। नगर पंचायत अटसू के लोहिया नगर वार्ड में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के चौथे दिन भक्तिमय माहौल में प्रह्लाद चरित्र, वामन अवतार और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की कथा सुनाई गई। कथा व्यास श्री गौरव कृष्णाजी महाराज ने संगीतमय प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान पूरा कथा पंडाल भगवान के जयकारों से गूंज उठा।
कथा व्यास ने भक्त प्रह्लाद के चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि सच्ची श्रद्धा और अटूट विश्वास से भगवान की कृपा प्राप्त होती है। प्रह्लाद का जीवन भक्ति और विश्वास की अनुपम मिसाल है। उन्होंने वामन अवतार के प्रसंग के साथ भगवान श्रीकृष्ण के पृथ्वी पर अवतरित होने के उद्देश्य को भी विस्तार से बताया। कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है और धर्म की हानि होती है, तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग शुरू होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। कथा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बाल कृष्ण के स्वरूप में सजे बालक को पालने में विराजमान कराया गया, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। महिलाओं ने मंगल गीत गाए और भक्तों ने ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे लगाए।
कथा व्यास ने कंस के अत्याचारों से पीड़ित मथुरा की जनता और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़ी कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। जन्मोत्सव की लीला के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। भगवान की आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य का साथ देने का संदेश देता है।
इस अवसर पर परीक्षित गंगाराम तिवारी, राहुल पाण्डेय, संजय मिश्र, अमरीश तिवारी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल