• Sun. Nov 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का डीएम और एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण

ByTen News One Desk

Nov 22, 2026
31 Views

कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का डीएम और एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण


सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, अधिकारियों को दिए समयबद्ध इंतजाम के निर्देश


टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,

कन्नौज। कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मेंहदी घाट का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, तीन पालियों में सफाई कर्मियों की तैनाती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और साफ-सुथरे शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए। घाट के दोनों ओर एंबुलेंस और आयुर्वेदिक, यूनानी व एलोपैथिक चिकित्सा टीमों के कैंप लगाने को कहा गया।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशिक्षित गोताखोरों, आपदा मित्रों और सिविल डिफेंस की तैनाती के निर्देश दिए गए। घाट पर फिसलन रोकने के लिए बालू से भरी बोरियां लगाने तथा भारी और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने को कहा गया।

निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीएनडीएस संस्था द्वारा मेंहदी घाट पर बनाई जा रही दुकानों में इस्तेमाल हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। उन्होंने एसडीएम सदर को सीमेंट, मौरम और सरिया की जांच कराकर टेस्टिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

वहीं, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मोटरबोटों पर पर्याप्त पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने मोटरबोटों में टॉर्च, लाउड हेलर, सीटी और लाइफबॉय सहित सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने तथा पुलिस बल को रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर तैनात करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा, एसडीएम सदर वैभव गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!