कैप्टन बी.पी.एस. पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से पढ़ी संविधान की प्रस्तावना

‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम में मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया गया जागरूक
टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
तिर्वा, कन्नौज। संविधान के मूल सिद्धांतों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को कैप्टन बी.पी.एस. पब्लिक स्कूल तिर्वा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘एक स्वर, एक संविधान’ रहा।
कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार झा के दिशा-निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पौमेला श्रीवास्तवा के मार्गदर्शन में किया गया।![]()
इस दौरान सचिव पौमेला श्रीवास्तवा ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों का महत्व समझाते हुए विद्यार्थियों से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने तथा संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव, विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने एक स्वर में प्रस्तावना पढ़कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, बंधुता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना अपनाने का संदेश दिया गया।