ट्रक अग्निकांड में क्लीनर की मौत के मामले में दो दिन बाद मुकदमा दर्ज

स्टेयरिंग फेल होने से टैंकर में घुसा था ट्रक, आग में जिंदा जल गया था क्लीनर; अज्ञात चालक पर एफआईआर
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ,
फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर वैष्णो ढाबे के सामने हुए भीषण ट्रक अग्निकांड में क्लीनर की जिंदा जलकर मौत के मामले में पुलिस ने दो दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है। ट्रक मालिक की तहरीर पर फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद जिले के थाना मैनाठेर क्षेत्र के गांव ललवारा निवासी मोहम्मद महताब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 नवंबर की शाम उनका ट्रक संख्या यूपी 21 एफटी 7333 चालक नसीम और क्लीनर जमाल के साथ पानीपत से सामान लादकर बिहार के हाजीपुर जा रहा था।![]()
तहरीर के अनुसार, 20 नवंबर की रात करीब 12:10 बजे फतेहगंज पूर्वी में वैष्णो ढाबे के सामने ट्रक की स्टेयरिंग फेल हो गई। इससे अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़े टैंकर संख्या एनएल 02 एए 1283 में जा घुसा। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में क्लीनर जमाल ट्रक के अंदर फंस गया और आग में जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई, जबकि चालक नसीम ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
ट्रक मालिक ने 21 नवंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने 22 नवंबर की रात 9:47 बजे मुकदमा दर्ज किया। प्राथमिकी में अज्ञात टैंकर चालक को आरोपी बनाया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्याम सिंह को सौंपी गई है।