समान कार्य-समान वेतन और बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन

सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप, कर्मचारियों ने कहा- प्रदेश में दोहरी नीतियां बर्दाश्त नहीं
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो , उधमसिंहनगर
देहरादून/उत्तराखंड । समान कार्य-समान वेतन लागू करने और विभिन्न सरकारी विभागों से हटाए गए कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर सोमवार को प्रदेशभर के आउटसोर्स कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी से नाराज होकर उन्हें दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
प्रदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग विभागों में कार्यरत बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि उन्हें भी समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए और विभिन्न विभागों से हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा सेवा में बहाल किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन शासन और प्रशासन की ओर से अब तक मांगों के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई है। कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार कब तक उनकी मांगों को नजरअंदाज करती रहेगी।
कर्मचारियों का कहना है कि वे भी उत्तराखंड के निवासी हैं और उनके परिवारों की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है। जब प्रदेश में अन्य कर्मचारियों के लिए समान कार्य-समान वेतन की व्यवस्था की बात की जाती है, तो आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की और स्पष्ट किया कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रह सकता है।