• Tue. Nov 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

रेड क्रॉस सोसाइटी ने शुरू किया जनगणना-2027 जागरूकता अभियान

ByTen News One Desk

Nov 24, 2026
9 Views

रेड क्रॉस सोसाइटी ने शुरू किया जनगणना-2027 जागरूकता अभियान


विशेष स्वास्थ्य दिवस पर लोगों को सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल की दी जानकारी, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं दर्ज कराया विवरण


टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। भारत की जनगणना-2027 को लेकर जनपदवासियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की शाहजहांपुर शाखा ने विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। जिलाधिकारी के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत लोगों को स्वयं जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।

अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित रेड क्रॉस कार्यालय में सोसाइटी के सचिव एवं जनगणना के लिए नामित विशेष नोडल अधिकारी डॉ. विजय जौहरी ने किया। इस दौरान प्रगणक नवजोत सिंह ने उपस्थित लोगों को जनगणना की तकनीकी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल पर चरणबद्ध तरीके से विवरण दर्ज करने की जानकारी दी और लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर डॉ. विजय जौहरी ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, नगर शाहजहांपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार और कर्मचारियों के साथ स्वयं सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल पर जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कराई। इसके माध्यम से उन्होंने आम नागरिकों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

डॉ. जौहरी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या के आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश की भावी विकास योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, आवास, रोजगार और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। सटीक आंकड़ों से शासन-प्रशासन को लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बनाने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में डॉ. मुकेश कुमार, स्टाफ नर्स अनुपम, पूजा देवी, शैलेंद्र गुप्ता, अनुज जौहरी, श्रवण कुमार, मृदुल गुप्ता, ओम तथा दिव्यांग कल्याण समिति के बालकिशन पांडे, बृजेश गुप्ता और अवनीश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

डॉ. विजय जौहरी, सचिव, रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहांपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!