रामगंगा में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

कादरगंज-पढ़ेरा, नगरिया कला और बेलाडांडी घाट पर गूंजे हर-हर गंगे के जयकारे, श्रद्धालुओं ने किया खिचड़ी दान
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ,
फतेहगंज पूर्वी/बरेली । कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को रामगंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कादरगंज-पढ़ेरा, नगरिया कला और बेलाडांडी घाट पर सुबह से ही हजारों श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे। लोगों ने रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाई और हर-हर गंगे तथा जय मां गंगे के जयकारों से घाटों को गुंजायमान कर दिया।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने खिचड़ी का दान किया। वहीं, कई श्रद्धालुओं ने सत्यनारायण भगवान की कथा सुनी और धार्मिक अनुष्ठान किए। कुछ लोगों ने कन्याओं को भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया।![]()
घाटों पर लगे मेले में भी खूब रौनक देखने को मिली। महिलाओं और बच्चों ने जलेबी सहित विभिन्न पकवानों और खाने-पीने की वस्तुओं की खरीदारी की। दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण घाटों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने स्नान और मेले के दौरान व्यवस्थाएं संभालीं। शांतिपूर्ण माहौल में श्रद्धालुओं ने कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मनाया।