बिलपुर क्रॉसिंग पर फिर बढ़ा वाहनों का दबाव, पुलिस ने लगवाए अवरोधक

रामगंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ,
फतेहगंज पूर्वी/बरेली। बदायूं-दातागंज मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 344-सी पर एक बार फिर जाम जैसे हालात बन गए। रामगंगा में स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते गुरुवार को क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ई-रिक्शा, टेंपो, ट्रैक्टर-ट्रॉली और कारों के फंसने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी।
स्थिति बिगड़ती देख आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला। सीसीटीएम प्रभारी श्याम सिंह ने बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने बदायूं-दातागंज मार्ग पर दोबारा अवरोधक लगा दिए। अब इस मार्ग से केवल कार और दोपहिया वाहनों को ही निकलने की अनुमति दी जा रही है, जबकि बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
गौरतलब है कि बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग पर पहले भी वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण जाम की समस्या सामने आती रही है। अवरोधक हटाए जाने के बाद बड़े वाहनों का आवागमन फिर शुरू हो गया था, लेकिन रामगंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से यातायात नियंत्रित करने के लिए एक बार फिर अवरोधक लगाने पड़े।