पति से विवाद के बाद घर छोड़कर गई महिला खुद थाने पहुंची

मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप, पुलिस ने पति को बुलाकर शुरू की पूछताछ
टेन न्यूज़ !! २७ नवम्बर २०२६ !! पप्पू अंसारी , मीरानपुर कटरा
शाहजहांपुर। पति से विवाद के बाद घर छोड़कर गई एक महिला बुधवार को अचानक थाने पहुंच गई। महिला ने पुलिस को बताया कि पति की कथित मारपीट और जान से मारने की धमकी से परेशान होकर वह अपनी जान बचाने के लिए रिश्तेदारी में चली गई थी।
मामला क्षेत्र के एक गांव का है। महिला के पति ने 18 नवंबर को थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी चार बच्चों को घर पर छोड़कर कहीं चली गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस महिला की तलाश कर रही थी।
बुधवार को महिला स्वयं थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। उसने आरोप लगाया कि पति के साथ विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और उसे जान का खतरा महसूस हुआ। इसी डर से वह बरेली जनपद के कैंट थाना क्षेत्र स्थित अपनी मौसी के घर चली गई थी।
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने उसके पति को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाकर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।