मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों ने चलाया चेकिंग और जागरूकता अभियान

बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्धों से पूछताछ, महिलाओं व छात्राओं को दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी
टेन न्यूज़ !! २८ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर,। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत शनिवार को शाहजहांपुर जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अभियान के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग की गई। टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक जांच की। इसके साथ ही विद्यालयों में छात्राओं तथा सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद महिलाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को छेड़छाड़, उत्पीड़न, महिला संबंधी अपराधों तथा साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। किसी भी तरह की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।![]()
इस दौरान महिलाओं और छात्राओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने इन सेवाओं के उपयोग और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया।
शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।