मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत डीएम ने किया बूथों का औचक निरीक्षण

18-19 वर्ष के युवाओं, महिलाओं और नवविवाहित महिलाओं के नाम जोड़ने पर दिया जोर, 29 नवंबर को भी लगेंगे विशेष शिविर
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,
कन्नौज,। विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से मतदाता पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विधानसभा क्षेत्र 198-कन्नौज के प्राथमिक विद्यालय असकरनपूर्वा स्थित मतदेय स्थल संख्या 215, 216 और 217 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से बीएलओ ऐप पर लॉगिन कराकर प्राप्त आवेदनों और पुनरीक्षण कार्य की स्थिति की समीक्षा की।![]()
उन्होंने निर्देश दिए कि 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिला मतदाताओं, विवाह के बाद जनपद में आई महिलाओं तथा अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में प्राथमिकता से शामिल किए जाएं। बीएलओ घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने फॉर्म-6 में की जाने वाली घोषणा पर आवेदक के हस्ताक्षर अथवा अंगूठे का निशान अनिवार्य रूप से प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने विधानसभा क्षेत्र 196-छिबरामऊ के हीरालाल वीएन इंटर कॉलेज सहित अन्य मतदेय स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विशेष अभियान के तहत मतदाता पंजीकरण और पुनरीक्षण कार्य का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। सभी बीएलओ जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल कराने का प्रयास करें।
उन्होंने बताया कि भी जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और नाम जुड़वाने या संशोधन के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क करें।