कन्नौज में पानी पाउच और कंटेनर बनाने वाली दो इकाइयों पर छापा, मशीनें सीज

करीब 30 बोरे पानी के पाउच नष्ट कराए, जांच के लिए एक नमूना लिया
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,
कन्नौज। जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। विभागीय टीम ने कन्नौज तहसील क्षेत्र के बेहरीन में पानी के पाउच और कंटेनर बनाने वाले दो प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर करीब 30 बोरे पानी के पाउच नष्ट कराए। साथ ही दोनों इकाइयों की मशीनों को सीज कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश तथा जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के आदेश और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रतन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। प्राप्त सूचना के आधार पर 28 नवंबर को सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने छापा मारा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार साहू ने कार्रवाई के दौरान एक नमूना संग्रहित किया, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
इसके अलावा तिर्वा तहसील क्षेत्र में खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने के प्रति सचेत करते हुए आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार जनपद में शुद्ध, ताजे और गुणवत्तापरक खाद्य एवं पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।