कलेक्ट्रेट तालाब के सौंदर्यीकरण के साथ विकसित होगा भव्य मीडिया सेंटर

पार्किंग, शौचालय और लाइटिंग समेत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि संचालन समिति में होंगे शामिल
टेन न्यूज़ !! १९ सितम्बर २०२६ !! प्रभाष चंद्र ब्यूरो
कन्नौज।। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण और नगर पालिका के स्टोर रूम के स्थान पर प्रस्तावित मीडिया सेंटर के विकास को लेकर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं सदर विधायक असीम अरुण ने पत्रकारों के साथ विचार-विमर्श किया।
मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित मीडिया सेंटर को आकर्षक, सुविधाजनक और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। यहां पत्रकारों के लिए बैठने, संवाद और कार्य करने की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। सेंटर में पार्किंग के साथ शौचालय की सुविधा भी प्रस्तावित है। परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए बेहतर लाइटिंग और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी।
मीडिया सेंटर के रखरखाव और संचालन के लिए समिति गठित करने पर भी चर्चा हुई। समिति में जनपद के विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल करने की बात कही गई। इसके अलावा जिला सूचना अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक सदर समेत आवश्यकता के अनुसार अन्य अधिकारियों को भी समिति में शामिल किए जाने पर विचार किया गया।
असीम अरुण ने कहा कि समिति की देखरेख में मीडिया सेंटर का संचालन और रखरखाव व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। तालाब के सौंदर्यीकरण से कलेक्ट्रेट परिसर की सुंदरता भी बढ़ेगी और पत्रकारों को एक सुविधाजनक कार्यस्थल मिल सकेगा।