पुलिस मुठभेड़ में साथियों सहित हिस्ट्रीसीटर हुआ गिरफ्तार, मुख्य अभियुक्त के पैर में लगी गोली अभियुक्त पर दर्ज है 30 मुकदमे

पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी लिया विरासत में लूट का मोबाइल, अवैध तमंचे व बाइक बरामद
टेन न्यूज़ !! २२ मार्च २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। जिले की कोतवाली बिधूना पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत बीती रात बिधूना पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीसीटर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है वहीं एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है। यह मुठभेड़ तब हुई जब पुलिस एक चेन स्नेचिंग की घटना के दर्ज मुकदमे के मामले में वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। पुलिस मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीसीटर की हुई गिरफ्तारी पर क्षेत्रीय लोगों द्वारा पुलिस के प्रयास की भूरि-भूरि सराहना की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के कुशल दिशा निर्देशन व सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी बिधूना मुकेश बाबू चौहान, चालक राहुल सिंह आदि बिधूना कोतवाली पुलिस कर्मियों व स्वाट टीम द्वारा संयुक्त रूप से बीती रात बिधूना क्षेत्र के सहसपुर मऊ गूरा रोड के आसपास संदिग्धों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था तभी शुक्रवार की भोर एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार चार लोग आते नजर आए, पुलिस द्वारा उन्हें रुकने का इशारा किए जाने पर बदमाशों ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गई जिससे मुख्य अभियुक्त अनुज यादव के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो कर गिर गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया है। मुठभेड़ में घायल हुए अभियुक्त अनुज यादव को बिधूना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान बिधूना क्षेत्र के हिस्ट्रीसीटर अनुज यादव, यशवीर सिंह सेंगर निवासी असजना थाना बिधूना, लवलेश शर्मा निवासी नूरपुर खरगपुर थाना बेला के रूप में हुई है। अनुज यादव के विरुद्ध पहले से विभिन्न धाराओं में 30 मुकदमे दर्ज है।
सीओ पी पुनीत मिश्रा ने बताया है कि हिस्ट्रीशीटर अनुज यादव के अलावा अन्य अभियुक्तों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है वहीं पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए अभियुक्तों के पास से लूटा गया एक सैमसंग मोबाइल ,दो अवैध तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस एक खोखा व एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। इस संबंध में कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया है कि चेन स्नेचिंग के मामले में चेकिंग के दौरान यह मुठभेड़ हुई है वहीं पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हिस्ट्रीसीटर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किए जाने से क्षेत्रीय जनता द्वारा काफी सराहना की जा रही है।





