तिलहर में जुलूस-ए-मुहम्मदी को लेकर बड़ी बैठक, आयोजकों को दिए सख्त निर्देश![]()
टेन न्यूज ।। 19 अगस्त 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन (बारावफात) के अवसर पर 26 अगस्त को नगर में निकलने वाले जुलूस-ए-मुहम्मदी को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर खानकाहे शमशिया में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक मोहल्ला कच्चा कटरा स्थित खानकाहे शमशिया के सज्जादा नशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां के आवास पर हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए शहर इमाम मोहम्मद स्वालेह शद्दन मियां ने जुलूस में अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी ठेले आदि पर अभद्र चिप का प्रयोग न किया जाए। माइक पर केवल नातिया कलाम और सलातो-सलाम पढ़े जाएं तथा नबी की आमद की खुशी शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाई जाए।
उन्होंने जुलूस में हरे झंडों के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर चलने की भी अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार के स्टील रॉड या भारी पाइप का इस्तेमाल नहीं करने की बात कही।
शहर काजी मोहम्मद अकरम सलीम ने कहा कि माइक या बिना माइक के किसी अन्य विषय पर अनावश्यक भाषण, तकरीर अथवा नारेबाजी न की जाए। जुलूस के दौरान राहगीरों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई। उन्होंने लंगर बांटने वालों से भी अपील की कि सड़क पर लंगर फेंककर न दें, बल्कि लोगों को हाथों-हाथ लंगर वितरित करें।![]()
मौजपुर चौकी इंचार्ज देवेश कुमार ने बताया कि जुलूस में शामिल होने वाली प्रत्येक अंजुमन या मोहल्ले की टोली के आयोजक अपने साथ 10-10 सहयोगियों के आधार कार्ड और फोटो जमा करेंगे। जुलूस में व्यवस्था बनाए रखने और सहयोग के लिए मुख्य आयोजक द्वारा उन्हें पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। सभी सहयोगी अपनी-अपनी टोली के साथ रहकर व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।
बैठक में शहर इमाम मोहम्मद स्वालेह शद्दन मियां, शहर काजी मोहम्मद अकरम सलीम, मुन्नन मियां, इमाम अहमद रजा, मास्टर मतलूब अली, कारी इदरीस, कारी अदीब अली, हाफिज नसीम, हाफिज सोहेल, हाफिज अकील, हाफिज जाहिद उर्फ गुड्डू मियां, अरमान रजा, हाफिज गुलाम अहमद रजा, मोहम्मद रईस कुरैशी, शरीफ कुरैशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।