• Wed. Aug 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक

ByTen News One Desk

Aug 19, 2026
2 Views

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक


टेन न्यूज।। 19 अगस्त 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से सरायमीरा, कन्नौज स्थित केकेसीएन इंटर कॉलेज एवं कूल किड्स स्कूल में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी अध्यापक मौजूद रहे और उन्होंने अभियान में पूर्ण सहयोग किया। सरायमीरा स्थित ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र की संचालिका बीके प्रियंका दीदी ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को व्यसनमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करते हुए नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर बीके रामदुलारे भाई जी ने कहा कि नशे के कारण व्यक्ति को आर्थिक, मानसिक और सामाजिक तीनों प्रकार के नुकसान उठाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे समाज का दर्पण होते हैं और बच्चों के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक बदलाव तथा विकास की मजबूत नींव रखी जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अपने जीवन को बेहतर बनाने और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने ब्रह्माकुमारी संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यालय में महीने में कम से कम एक बार अवश्य आयोजित होने चाहिए, ताकि बच्चों को समय-समय पर नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शांतिपूर्वक वक्ताओं की बातें सुनीं और नशे से दूर रहने तथा जीवन में सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा ली। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!