कन्नौज में बारिश से मकान का कमरा भरभराकर गिरा, बच्चे बाल-बाल बचे![]()
घरेलू सामान मलबे में दबा, परिवार ने करीब एक लाख रुपये का नुकसान बताया
टेन न्यूज़ ।। 27 सितंबर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर । नगर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच मोहल्ला दिलजाक निवासी रईस अहमद पुत्र अब्दुल लतीफ के मकान का एक कमरा रविवार तड़के अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कमरे में सो रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
परिजनों के अनुसार रविवार सुबह करीब चार बजे बच्चे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक कमरे की दीवारों और छत में दरारें आने के बाद पूरा कमरा देखते ही देखते धराशायी हो गया। तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और आनन-फानन में बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
कमरा गिरने से उसमें रखा घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े और अन्य जरूरी सामान मलबे में दब गया। परिवार ने बताया कि घटना में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और सामान को सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है।
परिजनों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार बारिश के कारण नगर क्षेत्र में कमजोर और जर्जर मकानों पर खतरा बढ़ गया है।