702वें उर्स-ए-मखदूम को लेकर प्रशासन अलर्ट, पुलिस ने किया मेला परिसर का निरीक्षण

छड़ियों का जुलूस, 60 से 70 हजार जायरीनों के पहुंचने की संभावना
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! तौफीक फारुकी ब्यूरो ,
कमालगंज, फर्रुखाबाद। शेखपुर स्थित ऐतिहासिक दरगाह हजरत शेख मखदूम बुर्राक शाह (रह.) के 702वें सालाना उर्स-ए-मखदूम और मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य आयोजन से एक दिन पहले शनिवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ मेला परिसर और जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में लगी दुकानों, आवागमन के रास्तों, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और दरगाह परिसर की व्यवस्थाओं को परखा। जुलूस मार्ग पर अतिक्रमण, बिजली के तारों और भीड़ प्रबंधन से संबंधित समस्याओं को देखते हुए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।![]()
अधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष आयोजित होने वाले इस उर्स में करीब 60 से 70 हजार जायरीन और श्रद्धालु शामिल होते हैं। उर्स के अवसर पर 29 नवंबर को परंपरागत छड़ियों का जुलूस, जिसे पीर जी का डोला भी कहा जाता है, निकाला जाएगा। यह आयोजन उर्स का प्रमुख आकर्षण रहता है।
अधिकारियों ने दरगाह कमेटी के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उर्स को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की। पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सतर्क रहने तथा जायरीनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।