यूपी में एयरक्राफ्ट की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बचे ट्रेनी पायलट

टेन न्यूज़ !! २५ मई २०२६ !! नेमसिंह शास्त्री ब्यूरो, हाथरस
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रविवार सुबह एक बड़ा हवाई हादसा होते-होते टल गया। धनीपुर एयरपोर्ट से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर निकले एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इंजन फेल होने के बाद दोनों ट्रेनी पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान की खेत में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। हादसे में दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार यह टू-सीटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट पायनियर एविएशन का था, जो रविवार सुबह करीब 10 बजे धनीपुर एयरपोर्ट से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान के इंजन और तकनीकी सिस्टम में खराबी आ गई। कॉकपिट में अलार्म बजते ही पायलटों ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को आपात स्थिति की सूचना दी।
स्थिति गंभीर होने पर पायलटों ने आबादी वाले क्षेत्र से विमान को दूर ले जाकर जलाली क्षेत्र के एक खाली खेत को इमरजेंसी लैंडिंग के लिए चुना। पायलटों की सूझबूझ से विमान सुरक्षित खेत में उतर गया और बड़ा हादसा टल गया।
अचानक खेत में विमान उतरता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पायलटों की बहादुरी और समझदारी की सराहना की।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, एयरपोर्ट डायरेक्टर सत्यव्रत, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
प्रारंभिक जांच में मामला इंजन फेलियर का माना जा रहा है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को घटना की सूचना दे दी गई है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विमान की जांच कर खराबी के कारणों का पता लगाएगी। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दोनों पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।