• Sun. Jun 14th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बरेली-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर

ByTen News One Desk

May 24, 2026
31 Views

बरेली-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर


टेन न्यूज़ !! २४ मई २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा

फतेहगंज पूर्वी/बरेली । बरेली-लखनऊ हाईवे पर शनिवार देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। थाना क्षेत्र के सिमरा हरचंद सिंह स्थित धर्म कांटा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार गांव सिमरा हरचंद सिंह निवासी रामविलास (46) पुत्र लेखराज अपने साथी अरुण के साथ किसी कार्य से टिसुआ गए थे। देर शाम दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शाहजहांपुर की ओर से बरेली जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से इलाज के लिए बरेली ले गए, जहां डॉक्टरों ने रामविलास को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अरुण का उपचार फरीदपुर सीएचसी में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक मृतक रामविलास अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर क्राइम विकास कुमार ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!