तीन माह से वेतन न मिलने पर जिला चिकित्सालय के संविदा कर्मियों का प्रदर्शन, इमरजेंसी के सामने धरने पर बैठे डॉक्टर व कर्मचारी

टेन न्यूज़ !! २४ मई २०२६ !! डेस्क न्यूज़
अयोध्या। जिला चिकित्सालय अयोध्या में कार्यरत संविदा डॉक्टरों एवं कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन न मिलने के विरोध में अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। इमरजेंसी के सामने एकत्र होकर डॉक्टरों और संविदा कर्मियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द वेतन भुगतान की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे संविदा कर्मियों का कहना है कि लगातार तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है और रोजमर्रा के खर्च, बच्चों की पढ़ाई तथा घरेलू जरूरतों को पूरा करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संविदा डॉक्टरों ने कहा कि वे लगातार मरीजों की सेवा में लगे हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस आश्वासन या समाधान नहीं मिला, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
संविदा कर्मी संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अनवरत धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मामले का शीघ्र समाधान निकालते हुए लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की।