टोल पर रुकी रही एंबुलेंस, अस्पताल पहुंचने से पहले घायल की मौत

चालक ने गंभीर हालत बताकर रास्ता देने की लगाई गुहार, टोल पर बैरियर बंद रहने का वीडियो आया सामने
टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/बरेली । सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को लेकर जा रही एंबुलेंस फरीदपुर टोल प्लाजा पर रुक गई। आरोप है कि चालक मरीज की गंभीर हालत बताते हुए टोल कर्मियों से लगातार बैरियर खोलने की गुहार लगाता रहा, लेकिन चेकिंग के नाम पर एंबुलेंस को रास्ता नहीं दिया गया। बाद में जिला अस्पताल बरेली पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एंबुलेंस के सामने बैरियर बंद और लाल सिग्नल दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के थाना कटरा क्षेत्र के ग्राम दली नवादा निवासी राजीव कुमार (35) पुत्र राकेश शुक्रवार देर शाम हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान शाहजहांपुर बॉर्डर कट के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और अन्य लोग उसे निजी एंबुलेंस से जिला अस्पताल बरेली ले जा रहे थे।
रास्ते में फरीदपुर टोल प्लाजा पर एंबुलेंस रोक दी गई। आरोप है कि चालक ने टोल कर्मियों को घायल की हालत गंभीर बताते हुए जल्द रास्ता देने की अपील की, लेकिन बैरियर नहीं खोला गया। इस दौरान चालक और टोल कर्मियों के बीच बहस होने की बात भी सामने आई है। टोल पर एंबुलेंस रोके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।![]()
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने राजीव को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के साथ ही टोल प्लाजा पर एंबुलेंस रोके जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आपात स्थिति में एंबुलेंस को प्राथमिकता से रास्ता देने की व्यवस्था के पालन पर जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शव के पंचायतनामा की कार्रवाई उपनिरीक्षक श्याम सिंह द्वारा की जा रही है।