मिशन शक्ति के तहत एंटी रोमियो टीमों ने चलाया अभियान

स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग, महिलाओं-बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर, । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत बुधवार को जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों, विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस टीमों ने भ्रमण किया।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों की चेकिंग की गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली गई। पुलिस टीमों ने उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।![]()
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। इसके अलावा महिला अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले में जागरूकता और चेकिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।