सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शाहजहांपुर में बूथों का किया निरीक्षण

मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा कर बीएलओ और सुपरवाइजरों को दिए निर्देश, सूची की त्रुटियां दूर करने पर जोर
टेन न्यूज़ !! २८ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने शनिवार को शाहजहांपुर पहुंचकर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए बीएलओ और सुपरवाइजरों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी ली।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत और उप जिलाधिकारी सदर प्रभात राय के साथ कम्पोजिट विद्यालय हथौड़ा, गन्ना शोध परिषद तथा प्राथमिक विद्यालय लालपुर में बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया।![]()
निरीक्षण के दौरान सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृतक मतदाताओं के नाम हटाने, चिन्हित मतदाताओं के सत्यापन और अन्य स्थानों पर निवास करने वाले मतदाताओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों तथा ऑनलाइन प्राप्त फॉर्मों की प्रगति की भी समीक्षा की।
उन्होंने बूथ स्तर पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन समय से पूरा करने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया।
अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान मतदाता सूची के आधार पर ही कराया जाएगा। इसलिए सूची में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची से ही स्वच्छ और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किया जा सकता है। जांच के दौरान खामी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।